चार साल से फरार अवैध हथियार सप्लायर गिरफ्तार, 5000 रुपये का इनामी आरोपी एमपी से दबोचा

भीलवाड़ा। जिले में वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अवैध हथियार सप्लाई करने वाले चार साल से फरार आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर 5000 रुपये का इनाम घोषित था।

कैसे आया गिरफ्त में

मामले के अनुसार 15 दिसंबर 2025 को प्रतापनगर पुलिस ने आशिष जोशी नामक आरोपी को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर आम्र्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि उक्त हथियार मध्यप्रदेश के धार जिले के लालबाग निवासी सज्जन सिंह पुत्र घनश्याम परमार ने सप्लाई किया था। आरोपी दूसरे प्रकरण संख्या 229/2023 में भी वांछित चल रहा था और पिछले चार वर्षों से फरार था।

मध्यप्रदेश से दबोचा

गठित पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र स्थित लालबाग में दबिश देकर आरोपी को डिटेन किया और अनुसंधान के बाद 13 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5000 रुपये का इनाम घोषित था।

गठित टीम में सहायक उपनिरीक्षक कानाराम प्रजापति और कांस्टेबल सुरेश कुमार, नरेंद्र सिंह और गोपाल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोडऩे के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Story