गुलाबपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई-: रेप के मामले में एक साल से फरार 5000 का इनामी आरोपित मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

भीलवाड़ा बीएचएन । भीलवाड़ा जिले की गुलाबपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मामले में एक साल से फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी अपराधी को मध्य प्रदेश से दबोच लिया है। पुलिस टीम आरोपित को हिरासत में लेकर गुलाबपुरा ले आई।
आरोपित, मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के रलायता गांव का निवासी महेंद्र सिंह पुत्र देवीसिंह गुर्जर है, जो गुलाबपुरा थाने में दर्ज रेप के एक मामले में पिछले एक साल से फरार था। काफी तलाश के बावजूद वह पकड़ा नहीं गया। ऐसे में जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह यादव ने आरोपित की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया।
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सटीक सूचना के आधार पर मध्य प्रदेश में दबिश दी और आरोपित महेंद्र सिंह को उसके गृह जिले के पास से डिटेन किया। पुलिस आरोपित को यहां ले आई, जिसे पूछताछ के बाद प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया। इस टीम में सब इंस्पेक्टर गोवर्धन लाल, गोपाल लाल, सुभाष आदि शामिल थे।
