भीलवाड़ा पुलिस की स्ट्राइक: ₹5000 का इनामी हिस्ट्रीशीटर नाना तेली गिरफ्तार, कई मामलों और जिलों में था वांछित

भीलवाड़ा पुलिस की स्ट्राइक: ₹5000 का इनामी हिस्ट्रीशीटर नाना तेली गिरफ्तार, कई मामलों और जिलों में था वांछित
X

भीलवाड़ा। जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मांडल थाने के हिस्ट्रीशीटर और ₹5000 के इनामी अपराधी नाना तेली उर्फ राजू तेली को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी पर चोरी का माल खरीदने-बेचने, धोखाधड़ी और कूटकरण सहित विभिन्न जिलों में 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

क्या था मामला?

पुर थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि मामले की शुरुआत नवंबर 2024 में हुई थी। उदयपुर निवासी चंद्र प्रकाश कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका टाइल्स से भरा ट्रक (RJ 27 GD 7248), जो मोरबी से असम जा रहा था, भीलवाड़ा बाईपास के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। जांच में सामने आया कि ड्राइवर और खलासी ने मिलीभगत कर लूट की झूठी कहानी रची थी। इस मामले में मुख्य सरगना नाना तेली था, जो चोरी का माल ठिकाने लगाने का काम करता था।

घेराबंदी और गिरफ्तारी

आरोपी नाना तेली पिछले काफी समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। वह बिजौलिया थाने के एक मामले में ₹5000 का इनामी अपराधी था। पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष टीम, जिसमें पुर थानाधिकारी कन्हैयालाल और डीएसटी के जवान शामिल थे, ने तकनीकी सहयोग और मुखबिरों की सूचना पर जाल बिछाया। अंततः शातिर अपराधी नाना तेली (35) निवासी नीम का खेड़ा को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

अपराधिक कुंडली: विभिन्न जिलों में 41 मुकदमें दर्ज

पुलिस के अनुसार नाना तेली बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, कोटा, बूंदी और राजसमंद के विभिन्न थानों में 41 प्रकरण दर्ज हैं।

वह बिजौलिया, बूंदी, बिछीवाड़ा और मांडल पुलिस के कई स्थाई वारंटों में भी वांछित चल रहा था।आरोपी पर धोखाधड़ी, चेक अनादरण, जाली दस्तावेज बनाने और चोरी के वाहन खरीदने-बेचने के गंभीर आरोप हैं।

कार्यवाही करने वाली टीम

इस महत्वपूर्ण सफलता में पुर थानाधिकारी कन्हैयालाल, एएसआई जमना लाल, डीएसटी के हेड कांस्टेबल कालूराम धायल, कांस्टेबल बनवारी लाल, घेवर लाल (विशेष योगदान), असलम और घीसुलाल की अहम भूमिका रही।

थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य कई वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में सुराग मिलने की संभावना है।

Next Story