उदयपुर हाईवे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,: वैन से 54 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल । जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने उदयपुर भीलवाड़ा हाईवे पर बड़ी सफलता हासिल की है। कारोई थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक वैन से 54 किलो 170 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक तस्कर को दबोच लिया। जब्त गांजे की कीमत गांजे की कीमत २७ लाख 8 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह यादव के निर्देश पर जिलेभर में नशे के सौदागरों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार दोपहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गंगापुर की ओर से एक संदिग्ध मारुति वैन उदयपुर हाईवे की तरफ आ रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कारोई थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने मुजराज टोल के पास नाकाबंदी की।
जैसे ही वैन मौके पर पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। वाहन के अंदर दस कट्टे रखे मिले। जब इन कट्टों को खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा भरा हुआ था। वजन करवाने पर कुल मात्रा 54 किलो 170 ग्राम निकली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही वैन को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के हलेड़ गांव निवासी 25 वर्षीय असलम मोहम्मद पुत्र मुनीर मोहम्मद पीनारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी गोलमोल जवाब दे रहा है, लेकिन पुलिस को शक है कि इसके पीछे बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में आईपीएस प्रोबेशनर माधव उपाध्याय और आईपीएस प्रोबेशनर आयुष श्रोत्रिय के नेतृत्व में डीएसटी इंचार्ज सीआई कन्हैयालाल, कारोई थाना प्रभारी महावीर प्रसाद, दीवान दिनेश कुमार, हमेंद्र सिंह, विक्रम, दीवान यशवीर, कन्हैयालाल और राकेश भंडारी की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे गिरोहों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
