विषाक्त सेवन से नव विवाहिता की मौत, एक साल पहले विवाह के बंधन में बंधी थी युवती, पति व ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस दर्ज

भीलवाड़ा बीएचएन। एक साल पहले विवाह के बंधन में बंधी युवती की ससुराल में विषाक्त वस्तु सेवन से मौत हो गई। घटना सदर थाना इलाके के ईरांस गांव में हुई। मृतका के पिता ने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुये सदर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है।

सदर थाना प्रभारी उगमाराम ने बताया कि ईरांस निवासी खुशबु माली 20 की आज ससुराल में विषाक्त वस्तु के सेवन कर लेने से हालत बिगड़ गई। खुशबु को परिजन तुरंत जिला अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुये मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि लाला की नीमड़ी, नंदराय निवासी बंशीलाल माली की पुत्री खुशबु का विवाह एक साल पहले ही ईरांस में हुआ था। पीहर पक्ष के आने पर शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। इस बीच, मृतका के पिता बंशीलाल माली ने बेटी के पति परमेश्वर माली व ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दी। पिता ने आरोप लगाया कि ये आरोपित, खुशबु को परेशान कर रहे थे। इसके चलते खुशबु ने यह कदम उठाया। पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच डीएसपी सदर श्यामसुंदर विश्नोई को सौंपी है।

Next Story