यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौत

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौत
X


मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा हो गया। सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से नीचे उतरे यात्रियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल है।


गलत जगह बस रोकना पड़ा भारी

जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी। सुबह करीब पौने तीन बजे यात्रियों ने लघुशंका (Urinal) के लिए चालक से बस रोकने को कहा। चालक ने बस को किसी सुरक्षित 'ग्रीन जोन' में खड़ा करने के बजाय एक्सप्रेस-वे के किनारे ही रोक दिया। जैसे ही यात्री बस से नीचे उतरे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंदता हुआ निकल गया।

हादसे में इन्होंने गंवाई जान

मृतकों में औरैया निवासी सोनू, बस्ती के देवेश, कन्नौज के अस्लम और दिल्ली के संतोष शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य व्यक्तियों की भी मौके पर मृत्यु हुई है जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। औरैया निवासी अमर दुबे हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।

कोहरा नहीं था, फिर भी हुई लापरवाही

इंस्पेक्टर सुरीर अजय कुमार ने बताया कि घटना के समय दृश्यता साफ़ थी और कोहरा नहीं था। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और आवागमन सुचारू कराया। यह हादसा फिर से एक्सप्रेस-वे पर वाहनों को असुरक्षित तरीके से रोकने और तेज रफ्तार के खतरों की ओर ध्यान खींचता है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story