होमगार्ड पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने वाले शातिर को दबोचा, 6 साल से था वांछित

भीलवाड़ा (बीएचएन)। वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गांधीनगर थाना पुलिस ने साल 2020 से पिकअप चोरी के मामले में फरार चल रहे और धारा 299 सीआरपीसी में वांछित शातिर आरोपी दिनेश ढोली को गिरफ्तार कर लिया है।

होमगार्ड को कुचलने की कोशिश कर हुआ था फरार

घटना 17 अक्टूबर 2020 की है, जब पांसल रोड जवाहर नगर निवासी मुश्ताक खान की महिंद्रा मैक्स पिकअप घर के बाहर से चोरी हो गई थी। चोरी के दौरान जब नौकर और मालिक ने पीछा किया, तो रास्ते में एक होमगार्ड ने साहस दिखाते हुए चोर को रोकने का प्रयास किया। लेकिन बेखौफ चोर ने वाहन रोकने के बजाय होमगार्ड पर ही पिकअप चढ़ाने की कोशिश की और जान से मारने का प्रयास करते हुए फरार हो गया था।

साइबर सेल की मदद से पकड़ा गया 'मोस्ट वांटेड'

एएसपी पारस जैन और डीएसपी सज्जन सिंह के सुपरविजन में गांधीनगर थानाधिकारी पुष्पा कसोटिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया और आखिरकार आरोपी दिनेश ढोली (31) पुत्र भैरूलाल ढोली, निवासी रूपाखेड़ा (गंगापुर) को धर दबोचा। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

ये थे टीम में शामिल

इस कार्यवाही में थानाधिकारी पुष्पा कसोटिया, एएसआई सुनील कुमार, साइबर सेल के आशीष, दीवान किशोर कुमार, कांस्टेबल ब्रजमोहन और राकेश कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Next Story