भीषण सडक़ हादसा:: स्लीपर बस और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत, 6 यात्रियों की मौके पर मौत, कई घायल

स्लीपर बस और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत, 6 यात्रियों की मौके पर मौत, कई घायल
X

बालोतरा | बालोतरा जिले में शुक्रवार को एक रूह कंपा देने वाला सडक़ हादसा पेश आया, जहाँ एक यात्री स्लीपर बस और ट्रेलर के बीच हुई भीषण भिड़ंत ने 6 लोगों की जान ले ली। हादसे में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर हृदयविदारक मंजर देखने को मिला।

बस की खिड़कियों से लटके नजर आए शव, मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। टक्कर के बाद बस का एक हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और कुछ शव खिड़कियों से बाहर लटके नजर आए। इस भयावह दृश्य को देख हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों की रूह कांप गई। दुर्घटना के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

राहत और बचाव कार्य: अस्पताल में घायलों की स्थिति गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी चिकित्सालय पहुँचाया। चिकित्सकों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों का आंकड़ा बढऩे की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने सभी 6 शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।

ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस का मानना है कि बस चालक ने किसी अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया था। इसी दौरान बस बेकाबू हो गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर हाईवे को सुचारू करवाया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Next Story