भीलवाड़ा में सेना के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा, पाकिस्तान मुर्दाबाद के लगे नारे

भीलवाड़ा में सेना के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा, पाकिस्तान मुर्दाबाद के लगे नारे
X
भीलवाड़ा मैं निकाली तिरंगा यात्रा फोटो संपत माली


कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना की ओर से चलाए ऑपरेशन सिंदूर में जवानों के पराक्रम, अदम्य साहस व शौर्य के सम्मान में भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर मंगलवार शाम को शहीद स्मारक से तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें ऑपरेशन सिंदूर के वीर सपूतों को नमन किया गया। यह यात्रा जिला मुख्यालय स्थित चित्रकूट धाम से शुरू हुई जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पुन चित्रकूट पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान रैली में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।





देशभक्ति के गीतों के साथ तिरंगा यात्रा में लोग हाथों में तिरंगा लिए थे। इसके साथ ही भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे।



जबकि पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी जमकर लगे रैली में सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग, पूर्व सैनिक, माता बहिने सहित कई समाजों के प्रबुद्धजन शामिल हुए। हर वर्ग ने तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाया और देश के लिए अपने जज्बे को प्रकट किया।डिप्टी सीएम प्रेम चन्द्र बैरवा ने कहा- तिरंगा रैली हमारे भारत के सैनिकों के लिए, हमारे देश के जवानों के लिए निकाली गई है, इससे उनका उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजित की गई है। यह भी कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ी हमारे देश के रक्षकों का सम्मान करेंगी और अपने देश से प्यार करेंगी। हमारी पीढ़ियां इस इतिहास को याद करेंगी और अपने आप को देश की एकता और रक्षा के लिए तैयार करेंगी।

सेना ने दुश्मन को भी मुंहतोड़ जवाब दिया

कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आतंकी ठिकानों को बर्बाद तो कर ही दिया, दुश्मन को भी मुंहतोड़ जवाब दिया और पूरे विश्व को अपने शौर्य और पराक्रम से यह संदेश भी दिया है कि देश के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाली ताकतों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसी वीर सेना के सम्मान में पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इन यात्राओं को देशवासियों का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है।

108 मीटर लंबा तिरंगा




तिरंगा यात्रा के दौरान 108 मीटर लंबा तिरंगा थामे शहरवासियों ने यात्रा में जोश भर दिया। वहीं भारत माता, राफेल विमान एवं माली समाज द्वारा तैयार झांकी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान आगे की पंक्ति में चल रहे पुलिस बैंड एवं श्रीं महेश बचत एवं साख समिति के महिला बैंड आकर्षण का केंद्र बने रहे। बैंड की धुनों ने लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावनाओं को और अधिक प्रबल कर दिया। इसी प्रकार दुर्गा शक्ति अखाड़े, खिलाड़ियों, होम गार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स, होम गार्ड्स ने भी माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

तिरंगा यात्रा में महंत बाबूगिरी, महंत संतदास, संत लालदास, पुजारी मुरारी पांडे का सान्निध्य प्राप्त हुआ। इसी के साथ यात्रा के दौरान अतिथियों ने अम्बेडकर सर्किल पर बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर एवं सुभाष मार्केट में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जिला प्रमुख बरजी देवी भील, तिरंगा यात्रा जिला संयोजक महापौर राकेश पाठक, विधायक उदयलाल भडाना, लादुलाल पीतलिया, गोपाल खंडेलवाल, जब्बरसिंह सांखला, लालाराम बैरवा, अशोक कोठारी, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, बालुलाल चौधरी मौजूद रहे।

100 से ज्यादा एनजीओ व्यापारिक संगठनों की भागीदारी

तिरंगा यात्रा में शहर के 100 से ज्यादा सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, यूनियन, एसोसिएशन आदि ने भागीदारी निभाते हुए इसे ऐतिहासिक बना दिया। देश के साहसी सेना के सम्मान में हर किसी ने अपने अंदाज में अभिव्यक्ति दी। इसमें अलावा ब्रह्माकुमारी संस्था, रेजिडेंट डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ, राजनैतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं, पार्षदगणों, मजदूर संघ, निगम कर्मचारी संघ से भी बड़ी संख्या में सदस्यों ने तिरंगा यात्रा में मौजूदगी दर्ज कराई।

Next Story