अब अमेरिका कूदा ईरान-इजरायल की जंग में ,: ईरान नहीं रुका तो और हमले होंगे', परमाणु ठिकानों को बर्बाद करने के बाद ट्रंप

वाशिंगटन। ईरान और इजरायल के बीच शुरू हुई जंग अब बढ़ती ही जा रही है अब इस जंग के और भीषण होने के आसार हैं क्योंकि इस जंग में अमेरिका भी कूद गया है।
Breaking Hindi News और ताज़ा अपडेट्स सबसे पहले bhilwarahalchal.com पर
अमेरिका ने रविवार को ईरान पर हमला किया और ईरान के तीन परमाणु स्थलों को निशाना बनाया। इसकी पुष्टि खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के की है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों को निशाना बनाकर चलाए गए सैन्य अभियान को लेकर रात 10 बजे (स्थानीय समानुसार) (सुबह 7:30 बजे भारतीय समयानुसार) राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला किया है। ऐसा कोई दूसरी सेना कर नहीं सकती। मैंने बहुत कोशिश की कि ऐसा कदम न उठाना पड़े, लेकिन हमारे पास कोई विकल्प ही नहीं बचा था। अब ईरान को शांति के रास्ते पर लौटना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के पास अब भी समय है कि वह शांति के रास्ते पर लौटे। उसे यह जंग खत्म करनी होगी। अगर ईरान ने अब भी हमला किया तो हम भी हमला करेंगे। शांति नहीं हुई तो विनाश होगा। अभी सभी लक्ष्यों पर हमले नहीं किए गए हैं। हम पश्चिम एशिया में दादागिरी दिखाने वाले ईरान की परमाणु सुविधाओं को पूरी तरह से नष्ट कर देंगे।
आज की रात उन सभी में सबसे कठिन थी और शायद सबसे घातक भी'
ट्रंप ने कहा, 'यह जारी नहीं रह सकता। या तो शांति होगी या ईरान के लिए आफत होगी, जो पिछले आठ दिनों में हमारी ओर से देखी गई घटनाओं से कहीं अधिक गंभीर है। याद रखें, अभी कई लक्ष्य बचे हुए हैं। आज की रात उन सभी में सबसे कठिन थी और शायद सबसे घातक भी। अगर शांति जल्दी नहीं आती है तो हम सटीकता, गति और कौशल के साथ उन अन्य लक्ष्यों पर हमला करेंगे। उनमें से अधिकांश को कुछ ही मिनटों में नष्ट किया जा सकता है
फोर्डो, नतांज और एस्फाहान परमाणु केंद्रों पर किया हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट किया कि हमने ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर अपना बहुत सफल हमला पूरा कर लिया है, जिसमें फोर्डो, नतांज और एस्फाहान शामिल हैं। सभी विमान अब ईरान के हवाई क्षेत्र से बाहर हैं। प्राथमिक स्थल, फोर्डो पर बमों का पूरा पेलोड गिराया गया।
हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई- ट्रंप
आगे बोले कि सभी विमान सुरक्षित रूप से अपने घर के रास्ते पर हैं। हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। दुनिया में कोई दूसरी सेना नहीं है जो ऐसा कर सकती थी। अब शांति का समय है! इस मामले पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
क्या अमेरिकी जहाजों पर हमले करेगा हूती
वहीं, यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने कहा कि अगर ट्रंप प्रशासन इजराइल के सैन्य अभियान में शामिल होता है तो वे लाल सागर में अमेरिकी जहाजों पर हमले फिर से शुरू कर देंगे। हूतीयों ने मई में अमेरिका के साथ हुए समझौते के तहत इस तरह के हमलों को रोक दिया था।
