jahazpur news: प्याज के ठेले से टकराई कार, उपजा विवाद, युवक की गई जान, जुटी भीड़, छावनी बना कस्बा

X


भीलवाड़ा/ जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। जहाजपुर के भंवरकला गेट स्कूल और तकिया मस्जिद क्षेत्र में शुक्रवार रात कार आलू-प्याज के ठेले से टकरा गई। इस घटना के बाद दो पक्षों में उपजे विवाद व धक्का-मुक्की में टोंक जिले के एक युवक की मौत हो गई। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में जमा हो गये। जहाजपुर सर्किल के सभी थाना अधिकारियों व जाब्ते के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों से भी पुलिस जाब्ता बुला लिया गया, जिससे कस्बा छावनी में तब्दील हो गया। जिला पुलिस अधीक्षक व एएसपी भी जहाजपुर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुये अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। फिल्हाल पुलिस गश्त जारी है। अधिकारी स्थिति पर निगाह रखे हुये है।




जहाजपुर डीएसपी नरेंद्र पारीक ने बताया कि टोंक जिले के चार युवक कार से बिसलपुर होते हुये देर शाम जहाजपुर पहुंचे। ये लोग कार से भंवरकला गेट स्कूल और तकिया मस्जिद क्षेत्र से गुजर रहे थे। तभी वहां खड़े शरीफ मोहम्मद के आलू-प्याज के ठेले को कार से टक्कर लग गई। इसे लेकर आलू-प्याज विक्रेता व कार सवार लोगों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान अन्य लोग भी वहां जुट गये। इस दौरान कार में पीछे की सीट पर बैठा छावनी टोंक निवासी सीताराम कीर 25 नीचे उतरा। डीएसपी पारीक ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर जानकारी सामने आई कि सीताराम के साथ दूसरे पक्ष के लोगों ने धक्का-मुक्की की, जिससे वह नीचे गिर गया। उसे जहाजपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सीताराम ने दम तोड़ दिया। यह खबर कस्बे में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग जहाजपुर अस्पताल में जुट गये। इस बीच, एएसपी शाहपुरा राजेश आर्य डीएसपी नरेंद्र पारीक, थाना प्रभारी राजकुमार नायक भी मौके पर पहुंच गये। जहाजपुर सर्किल के जहाजपुर,पंडेर, शक्करगढ़ व हनुमान नगर थानों से भी जाब्ता बुलवा लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया।

उधर, स्थिति को देखते हुये जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह भी जहाजपुर पहुंचे और कस्बे का दौरा कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उधर, कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। अधिकारी स्थिति पर निगाह रखे हुये हैं। विधायक गोपीचंद मीणा भी अस्पताल पहुंचे हैं।


धर्मस्थल और कुछ घरो पर पत्थर फेंकने का विडियो वायरल

जहाजपुर में युवक की मौत के बाद पुलिस चौकस है। इसके बावजूद एक धर्म स्थल में कुछ मकानों पर भीड़ द्वारा पत्थर फेके गये। यह दावा जहाजपुर में वायरस वीडियो में कियाज रहा है। हालांकि भीलवाड़ा हलचल न्यूज़ इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि पत्थर बाजी की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जुटी हुई भीड़ को वहां से खदेड दिया।

Next Story