बंद पेट्रोल पंप के पास पानी की टंकी पर टोंटी से लटका महिला का शव मिला, फैली सनसनी

भीलवाड़ा हलचल न्यूज़। जिले के रायपुर कस्बे के स्टेट हाईवे पर एक बंद पेट्रोल पंप के पास पानी की टंकी की टोंटी से अज्ञात महिला का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। राजगीरों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। पुलिस प्रथम दृष्टया महिला की मौत को खुदकुशी मान रही है।
राहगीर ने देखा टोंटी से लटका महिला का शव, पुलिस को दी सूचना
रायपुर थाने के हेड कांस्टेबल शिवराज सुखाड़िया ने बताया कि रायपुर -भीलवाड़ा हाईवे पर एक पेट्रोल पंप बंद पड़ा है। पंप के पास पानी की टंकी रखी। टंकी पर एक राहगीर की रविवार सुबह नजर पड़ी तो उसे टंकी पर लगी टोंटी से रस्सी के सहारे लटका महिला का शव नजर आया। राहगीर ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। अज्ञात महिला के शव को रायपुर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा कर पहचान के प्रयास शुरू किए हैं।
खाना मांग कर खाती थी महिला
हेड कांस्टेबल सुखाड़िया ने बताया कि यह अज्ञात महिला कस्बे में ही इधर-उधर घूमते नजर आती थी। लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला घरों से खाना मांग कर खाती थी। इस महिला के पास पहचान संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला जिसके चलते शव की अभी पहचान नहीं हो पाई।
लाश की खबर से फैली सनसनी, जुटी भीड़
पानी की टंकी की टोंटी पर महिला का शव लटका होने की सूचना कस्बे में आग की तरह फैल गई। यह खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने भीड़ में शामिल लोगों से महिला के शव की पहचान के प्रयास भी किये, लेकिन किसी ने उसे नहीं पहचाना। हेड कांस्टेबल सुखाडिया का कहना है कि महिला की मौत प्रथम दृष्टया सुसाइड प्रतीत हो रही है। पुलिस सभी एंगल से जांच के साथ ही शव की पहचान के प्रयास कर रही है।
