प्रतापपुरा में युवक पर फायरिंग, गंभीर हालत में भीलवाड़ा रैफर, क्षेत्र में फैली दहशत
भीलवाड़ा । जिले के आसींद उपखंड के प्रतापपुरा गांव में शनिवार को एक युवक पर हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। बैटरी की दुकान पर बैठे युवक पर अचानक गोली चला दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आसींद निवासी विनोद सिंह प्रतापपुरा गांव में अपनी बैटरी की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक वहां आया और अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से विनोद सिंह लहूलुहान हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें आसींद के अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें भीलवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल रैफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग करने वाला युवक फूलदा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसका नाम प्रताप सिंह है। हालांकि हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसींद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से प्रतापपुरा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
