राजस्थान में अब सरकारी और निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म एक जैसी होगी, टाई नहीं होगी

कोटा। राजस्थान के सरकारी और निजी स्कूलों में अब एक जैसी यूनिफॉर्म लागू की जाएगी। इसमें टाई नहीं होगी। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि आगे चलकर शिक्षकों की भी यूनिफॉर्म तय की जाएगी। अध्यापकों के लिए आईडी कार्ड और विद्यार्थियों के लिए परिचय पत्र अनिवार्य किया जाएगा।
मदन दिलावर ने कहा कि शिक्षा विभाग का शैक्षिक सत्र अब 1 अप्रैल से शुरू होगा, ताकि विद्यार्थियों को समय पर किताबें मिल सकें और वे गर्मियों की छुट्टियों में पढ़ाई कर सकें। अभी तक शिक्षा सत्र 1 जुलाई से प्रारंभ होता था। दिलावर कोटा यूनिवर्सिटी में मीडिया से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उनके पास पंचायती राज, शिक्षा और संस्कृत — तीन विभाग हैं। अब इन विभागों के सभी कार्यालय राष्ट्रीय गान से शुरू होंगे और राष्ट्रीय गीत से बंद किए जाएंगे।
दिलावर ने आगे कहा कि स्कूल आने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी उनके माता-पिता तक पहुंचनी चाहिए। अगर कोई विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंचता है, तो उसकी सूचना शाला दर्पण पोर्टल में दर्ज अभिभावक के मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। इससे अभिभावकों को बच्चों की उपस्थिति की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली गई है और इसे जल्द ही लागू किया जाएगा।
