जंगल में विवाद के बाद गला घोंटकर कर दी बेटे की हत्या, आरोपी मां गिरफ्तार

सीधी, मध्य प्रदेश। जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के कतरी काड़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आठ साल के प्रकाश उर्फ आशिक बैगा की हत्या उसकी ही मां ने कर दी। घटना 4 नवंबर 2025 को करीब 3:30 बजे बोखवा पहाड़ी बैगान टोला में हुई।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला अपने बेटे के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। दोनों के बीच जंगल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने बेटे की गले में पहनी माला से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला पहाड़ी पर कुछ दूरी पर बैठ गई।
चरवाहों ने रास्ते से गुजरते हुए इस घटना को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पूरे गांव में घटना की जानकारी फैलते ही सनसनी फैल गई।
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
