जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाने का आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार

सहारनपुर यूपी. आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाने के मामले में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने यूपी के सहारनपुर जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार देर शाम पुलिस टीम यहां पहुंची। इसके बाद एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर आदिल को हिरासत में लेकर श्रीनगर ले गई।

बताया जा रहा है कि श्रीनगर पुलिस ने मामले में पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी, लेकिन CCTV फुटेज के आधार पर डॉक्टर की पहचान हो सकी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

डॉ. आदिल अहमद निवासी अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर), सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित एक बड़े अस्पताल में MBBS, MD है। श्रीनगर के कई इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर कुछ दिन पहले लगाए गए थे। जिनमें आतंकी संगठन के समर्थन में संदेश लिखे गए थे। 28 अक्टूबर को इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। जिनमें डॉ. आदिल पोस्टर लगाते हुए दिखाई दे रहा है।

श्रीनगर पुलिस ने आदिल के पैतृक गांव अनंतनाग में परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस मोबाइल सर्विलांस के जरिए लोकेशन को ट्रेस करने में जुट गई। इसके बाद जम्मू पुलिस टीम सहारनपुर पहुंची। यहां स्थानीय पुलिस और SOD के सहयोग से अंबाला रोड के अस्पताल से डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने SSP आशीष तिवारी से मुलाकात कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। आरोपी डॉक्टर आदिल को को थाना सदर बाजार में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड पर उसे श्रीनगर पुलिस को सौंप दिया।

Next Story