महिला मजदूर के कत्ल का खुलासा- आरोपित को किया गिरफ्तार

भीलवाड़ा BHN. एक महिला मजदूर की हत्या का मंगरोप पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार रात हुई इस वारदात के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रविवार सुबह महिला का शव मंगरोप थाना इलाके में सड़क से कुछ दूर मिला। पुलिस ने हत्या और सबूत नष्ट करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। मृतका के शरीर पर रगड़ के निशान पाए गए, जिससे लगता है कि हत्या के बाद शव को घसीटकर फेंका गया।
स्थानीय लोगों ने शव देखा और मंगरोप थाने को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव के पास बियर की तीन खाली बोतलें भी मिलीं।
पुलिस ने मृतका की पहचान की। वह शनिवार सुबह फैक्ट्री जाने के लिए टिफिन लेकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनमें से बड़लियास थाना इलाके में रहने वाले रामरतन (23) और हमीरगढ़ थाना इलाके में रहने वाले सोनू (22) ने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच जारी रखी है।
