महेंद्रसिंह हत्याकांड का खुलासा-: दोस्त और धंधे के पार्टनर ने ही ट्रैक्टर से कुचलकर ली थी जान, अवैध संबंध बने वजह, आरोपित गिरफ्तार

दोस्त और धंधे के पार्टनर ने ही ट्रैक्टर से कुचलकर ली थी जान, अवैध संबंध बने वजह, आरोपित गिरफ्तार
X

भीलवाड़ा बीएचएन। शहर के प्रियदर्शनी नगर के पास तीन दिन पहले हुई महेंद्रसिंह पंवार की हत्या का सदर थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्या, किसी और ने नहीं, बल्कि महेंद्र के ही दोस्त और डेयरी बिजनेस पार्टनर ने ट्रैक्टर से टक्कर मारकर की थी। इसकी वजह, अवैध संबंध सामने आई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

सदर थाना पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर की सुबह 8.30 बजे प्रियदर्शनी नगर से सुवाणा हलेड रोड पर लगभग पचास मीटर दूर खाली जमीन पर एक व्यक्ति की लाश मिली थी। पुलिस ने मौका देखा। शव से करीब सौ मीटर दूरी पर खड़ी मिली स्कूटी से मृतक की पहचान तिलकनगर निवासी महेंद्र सिंह पुत्र छीतर सिंह पंवार के रूप में हुई। परिजन मौके पर पहुंचे और रूपए के लेनदेन तथा अवैध संबंधों के कारण हत्या की आशंका जताई।

आईपीएस माधव उपाध्याय के निर्देशन में एफएसएल टीम और एमओबी ने घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वारदात स्थल निरीक्षण से साफ हो गया था कि महेंद्र सिंह को किसी वाहन से टक्कर मारकर कुचला गया ।

अज्ञात आरोपी का सुराग जुटाने के लिए सदर थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई के नेतृत्व में गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के परिचितों से गहराई से पूछताछ की।

करीब बीस से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद शक की सुई लक्ष्मीपुरा निवासी रामेश्वरलाल जाट पर टिक गई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने महेंद्र की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।

आठ साल से पार्टनर थे महेंद्र व रामेश्वर

रामेश्वरलाल ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि वह और महेंद्र सिंह करीब सात- आठ वर्ष से डेयरी व्यवसाय में साझेदार थे। इस दौरान उसकी पत्नी और महेंद्र सिंह के बीच अवैध संबंध बन गए।

पत्नी की बदनामी और बेटे की हत्या की दी थी धमकी

घटना से तीन माह पहले जब उसको (रामेश्वर ) यह जानकारी मिली तो उसने महेंद्र से दूरी बनाने को कहा, लेकिन महेंद्र ने धमकी दी कि वह बीच में आया तो उसकी पत्नी की बदनामी कर देगा और उसके बेटे की हत्या कर देगा।

आहत होकर तैयार की हत्या की योजना

रामेश्वर ने कबूल किया, इससे आहत होकर उसने महेंद्र को मारने की योजना तैयार की। वह, महेंद्र की रोजाना मॉर्निंग वॉक पर जाने की आदत जानता था। इसी के चलते रात दो बजे ट्रैक्टर लेकर वह कच्चे रास्ते से सुवाणा हलेड मार्ग पर पहुंचा और घात लगाकर बैठ गया।

सुबह चार बजे मारी ट्रैक्टर से कुचला

आरोपित रामेश्वर ने स्वीकार किया कि सुबह चार बजे जैसे ही महेंद्र वॉक करते हुए वहां पहुंचा, उसने ट्रैक्टर से टक्कर मारी। महेंद्र बचकर खेतों की तरफ भागा तो उसने ट्रैक्टर से पीछा करते हुए दोबारा टक्कर मारी और आगे के टायरों से कुचल दिया। इसके बाद वह ट्रैक्टर लेकर घर लौट गया ताकि किसी को शक न हो।

कबूलनामे के बाद रामेश्वर गिरफ्तार

पुलिस ने मुखबिर सूचना, सीसीटीवी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर आरोपित रामेश्वरलाल से पूछताछ की। उसने उक्त वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने बनेड़ा थाने के लक्ष्मीपुरा गांव निवासी आरोपित रामेश्वर 44 पुत्र रामचंद्र जाट को गिरफ्तार कर लिया।

ये थे पुलिस टीम में शामिल

सदर थाना अधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई, एएसआई राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रोहिताश्व, मुकेश कुमार, कांस्टेबल भंवर सिंह, कमल किशोर, गजराज, भगवानदान, गहादेव और महेंद्र।

Next Story