दो बच्चों के पिता का सरकारी स्कूल में पेड़ से लटका मिला शव, सनसनी,कार मिली

दो बच्चों के पिता का सरकारी स्कूल में पेड़ से लटका मिला शव, सनसनी,कार मिली
X


भीलवाड़ा (अंकुर /सावर) । आसींद थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मपुरी में शनिवार सुबह सनसनी फैल गई, जब स्कूल परिसर में एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान रायला थाने के लिरडिया का खेड़ा निवासी महावीर पुत्र प्रभू भील के रूप में हुई है। महावीर पेशे से ट्रक चालक था और एक बेटे तथा एक बेटी का पिता था।


सुबह स्कूल पहुंची आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने स्कूल के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार देखकर चोरी की आशंका जताई। वह जब स्कूल परिसर में पहुंची तो आंगनवाड़ी भवन के पास पेड़ से लटका शव देखकर घबरा गई। तुरंत आसींद थाने को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करवाया।

पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और स्थल की फोटोग्राफी करवाई। इसके बाद शव को फंदे से उतारकर आसींद अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि महावीर ने खुदकुशी की या उसके साथ कोई अन्य घटना घटी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट और जांच के बाद ही परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। महावीर के दो छोटे बच्चे हैं और वह ट्रक चलाकर परिवार का पालन कर रहा था। अचानक मिली उसकी मौत की खबर से परिजनों में गहरा शोक है।

Next Story