दिनदहाड़े दो थाना क्षेत्रों में चार सूने मकानों पर धावा बोलने वाले चार आरोपित गिरफ्तार

भीलवाड़ा बीएचएन । बीते शुक्रवार को दिनदहाड़े दो थाना क्षेत्रों के तीन गांवों में चार सूने मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह के चार आरोपितों को आसींद पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
आसींद थाना पुलिस ने बताया कि ब्राह्मणों की सरेरी गांव निवासी माया पत्नी दिनेश सिरोठा के घर से 16 जनवरी को दोपहर दो से चार बजे के बीच चोर आलमारी तोडक़र 30 से 40 हजाररुपये की नकदी चुरा ले गये थे। वारदात के समय घर सूना था। परिवार के सदस्य खेत पर थे। माया सिरोठा की रिपोर्ट पर दर्ज मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपितों में गांछा बस्ती, शाहपुरा निवासी कालुराम उर्फ कालु बागरिया उर्फ भूरा 24 पुत्र जगदीश बागरिया, महावीर 25 पुत्र छगनलाल बागरिया निवासी शिवनगर उर्फ सोनगर गागेडा थाना गुलाबपुरा, रामस्वरूप बागरिया 19 पुत्र मिश्रीलाल निवासी देवलिया कलां, भिनाय व परसरामपुरा आगूंचा हाल आदर्शनगर, गुलाबपुरा निवासी मदन 20 पुत्र रामेश उर्फ रामेश्वर बागरिया शामिल हैं। इन सभी आरोपितों को आज आसींद कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपितों से बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पहले रैकी, फिर वारदात
मामले की जांच कर रहे दीवान राजेंद्र सिंह ने बताया कि यह गिरोह पहले गांवों में घूमकर यह पता लगाता है कि कौनसा मकान सूना है। इसके बाद मकान व आस-पास की रैकी इनके द्वारा की जाती है। फिर मौका मिलते ही ये बदमाश मकान पर धावा बोल देते हैं। वारदात के दौरान दो बदमाश घर में घुसते, जबकि दो बाहर निगरानी करते हैं।
यहां हुई थी वारदातें
शंभुगढ़ थाना क्षेत्र के कालियास गांव में सुखदेव सिंह पंवार के सूने मकान, आसींद थाना क्षेत्र स्थित ब्राह्मणों की सरेड़ी गांव में दिनेश पुत्र जगदीश सिरोठा के मकान के साथ ही एक अन्य मकान, जबकि एक वारदात को आसींद में ही फुटिया चौराया स्थित राजू कुम्हार के मकान में चोरों ने दिनदहाड़े धावा बोला था। वारदात के समय सभी परिवार खेतों में थे।
