पुलिस थाने से 300 मीटर दूर बड़ी चोरी-: दिनदहाड़े सूने मकान को बनाया निशाना, ढाई लाख नकद और लाखों के जेवर ले उड़े चोर
भीलवाड़ा / रायला बंटी। जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का खौफ भी नहीं रहा। ताजा मामला रायला थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े एक सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर ढाई लाख रुपये नकद सहित सोने चांदी के लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
45 मिनट में साफ कर दिया मकान
रायला थाने से कुछ ही दूरी पर रहने वाले 75 वर्षीय प्रभूलाल सुवालका ने बताया कि बुधवार दोपहर उनके परिवार के सदस्य गांव गए हुए थे और वे घर पर अकेले थे। करीब दो बजे वे साइकिल में हवा भराने के लिए पास की दुकान पर चले गए। रास्ते में परिचितों से बातचीत में लगभग 45 मिनट का समय निकल गया। जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
ढाई लाख नकद और कीमती जेवर गायब
पीडि़त ने बताया कि जांच करने पर कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी ढाई लाख रुपये की नकदी, करीब तीन तोला सोना और लगभग 800 ग्राम चांदी के जेवरात गायब मिले। चोरी की सूचना तुरंत रायला थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर रिपोर्ट दर्ज की।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब वारदात स्थल के आसपास और आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। हालांकि दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इलाके में डर का माहौल
थाने के इतने पास इस तरह की वारदात से क्षेत्रीय बाशिंदों में भारी रोष और भय है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस थाने के पास ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम इलाकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा।
