दिनदहाड़े छात्र का अपहरण, कचरा गाड़ी में ले गए बदमाश, पुलिस के पीछा करते ही छोड़ा

दिनदहाड़े छात्र का अपहरण, कचरा गाड़ी में ले गए बदमाश, पुलिस के पीछा करते ही छोड़ा
X

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर शहर में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्कूल से लौट रहे 11वीं कक्षा के छात्र का बीच सड़क से अपहरण कर लिया गया। अमर शहीद सागरमल गोपा उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाला छात्र समीर जावा पुत्र प्रकाश जावा यूनिफॉर्म नहीं पहनने के कारण स्कूल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह बाहर निकला, कुछ युवकों ने उसे घेर लिया, मारपीट की और नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ी में जबरन बैठाकर ले गए।

घटना शहीद पूनम सिंह स्टेडियम के पास हुई, जहां से आरोपी, छात्र को उठाकर गड़ीसर इलाके की ओर ले गए। रास्ते में उसे शहर के अन्य हिस्सों में भी घुमाया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के पिता ने तुरंत कोतवाली थाने में सूचना दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इलाके में नाकाबंदी कराई, संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की और कचरा गाड़ी का पीछा शुरू किया। पुलिस को आता देख बदमाश घबरा गए और छात्र को बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।

बाद में छात्र को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। छात्र के पिता ने बताया कि आरोपियों से पहले भी मामूली विवाद हुआ था और इसी दौरान उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है जबकि मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Next Story