जिले में दो हादसों में दो किसानों की मौत: कुएं में गिरने और कीटनाशक गैस के असर से गई जान, गांवों में शोक

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले में सोमवार को अलग अलग स्थानों पर हुए दो दर्दनाक हादसों में दो किसानों की जान चली गई। एक किसान खेत पर मोटर निकालते समय कुएं में गिर गया, जबकि दूसरे की मौत गेहूं की फसल पर कीटनाशक दवा छिड़कते समय गैस के प्रभाव से हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
शंभुगढ़ थाना क्षेत्र के सालरमाला गांव निवासी भंवर 59 पुत्र गणेश तेली सोमवार दोपहर अपने खेत के कुएं पर पड़ोसी गोपीलाल तेली के साथ पहुंचे थे। भंवर कुएं पर लगी मोटर को बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर सीधे कुएं में गिर पड़ा। यह देखकर गोपीलाल घबरा गया और तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भंवर को कुएं से बाहर निकाला और आसींद अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दूसरी घटना जहाजपुर क्षेत्र की है। यहां निवासी सुनील 29 पुत्र कैलाशचंद्र रैगर रविवार को अपने खेत में गेहूं की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान दवा से निकलने वाली गैस के कारण वह अचेत हो गया। परिजन उसे तुरंत जहाजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार को उपचार के दौरान सुनील की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
