छात्र ने शिक्षिका पर किया हमला, होंठ कटने की हालत में शिक्षिका भर्ती

मैनपुरी। जिले में कक्षा 12 के एक छात्र ने अपनी ही शिक्षिका पर जानलेवा हमला कर दिया। छात्र अखंड प्रताप सिंह कथित रूप से शिक्षिका पर लगातार बुरी नजर रखता था और स्कूल में कई बार छेड़खानी करता रहा।
अखंड प्रताप की लगातार परेशानियां
शिक्षिका ने पहले छात्र के घर वालों से शिकायत की, जिसके बाद कुछ समय तक स्थिति शांत रही। लेकिन बाद में छात्र ने गलत हरकतें दोबारा शुरू कर दी। पीड़ित शिक्षिका ने छात्र की हरकतों से परेशान होकर स्कूल छोड़ दिया और दूसरे स्कूल में नौकरी शुरू की, पर वहां भी छात्र उनका पीछा करता रहा और अनैतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा।
PTM में भरोसा देने के बावजूद नहीं बदला व्यवहार
पिछले PTM में छात्र की मां ने आश्वासन दिया था कि उसका बेटा अब ऐसा नहीं करेगा, लेकिन छात्र की हरकतें कम नहीं हुईं।
हथियार से हमला, शिक्षिका की हालत गंभीर
20 जनवरी को जब शिक्षिका ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं, तभी छात्र ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। विरोध करने पर उसने धारदार हथियार से शिक्षिका के चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षिका के होंठ गंभीर रूप से कट गए। उन्हें खून से लथपथ स्थिति में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां नाजुक हालत को देखते हुए आगरा के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल शिक्षिका का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस कार्रवाई
मैनपुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
