बैट्री चोर गिरोह का भंडाफोड़,: दो आरोपी गिरफ्तार,40 बैट्रियां की चोरी, नशे में धुत होकर करते थे वारदातें

दो आरोपी गिरफ्तार,40 बैट्रियां की चोरी, नशे में धुत होकर करते थे वारदातें
X

भीलवाड़ा बीएचएन। सुभाषनगर थाना पुलिस ने छोटे वाहनों से बैट्रियां चोरी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर एक चोरी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इलेक्ट्रिक वाहनों सहित अन्य वाहनों से 40 से अधिक बैट्रियां चुराने की बात स्वीकार की है और अब उनसे चोरी का माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाशकुमार विश्नौई ने बताया कि 25 जनवरी को आरके कॉलोनी स्थित दारू गोदाम क्षेत्र स्थित गली में खड़े गायत्रीनगर, चपरासी कॉलोनी निवासी राहुल पुत्र सुरेश बागरी के टेंपो से बड़ी बैट्री चोरी हो गई थी। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान कावांखेड़ा कच्ची बस्ती हाल आरके कॉलोनी निवासी विक्रम सिंह उर्फ मोंटू पुत्र किशोरसिंह रावणा राजपूत तथा घोसी मोहल्ला जवाहर नगर निवासी नरेश उर्फ नन्नू पुत्र चेतननाथ योगी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना कबूल कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब पीने के बाद रात के समय निकलते और इलेक्ट्रिक सहित अन्य वाहनों को निशाना बनाकर बैट्रियां चुरा लेते थे। फिलहाल दोनों से पूछताछ में 40 से अधिक वाहनों से बैट्रियां चोरी का खुलासा हुआ है। दोनों से पूछताछ जारी है और चोरी गई बैट्रियों की बरामदगी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।

दोनों पर पहले से दर्ज है कई मामले

सीआई विश्नौई ने बताया कि आरोपित नरेश उर्फ नन्नू नाथ पर 2011 में पहला मामला प्रताप नगर थाने में चोरी का दर्ज हुआ था। इसके बाद 2025 तक उसके खिलाफ मारपीट, जुआ एक्ट, आबकारी अधिनियम, आम्र्स एक्ट, लूट के कुल 15 मामले प्रताप नगर, कोतवाली, भीमगंज थानों में दर्ज हैं। इसी तरह विक्रम उर्फ मोंटू पर भी चोरी, के मामले दर्ज बताये गये हैं।

इस टीम ने किया खुलासा

थाना प्रभारी विश्नौई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस वारदात का खुलासा किया। टीम में दीवान सतीश कुमार, कांस्टेबल सोनू, रतन व सुनील शामिल थे।

Next Story