अजमेर हाईवे पर मौत का तांडव-: ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत, लगा जाम

भीलवाड़ा BHN. भीलवाड़ा -अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर खून से लाल हो गया। कोठारी नदी की पुलिया पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दोनों युवक सडक़ पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। दोनों युवक, शहर के निजी बैंक में सर्वेयर के रूप में कार्यरत थे। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। उधर, बताया गया है कि अचानक हाइवे पर गाय आ जाने के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराने में जुट गई। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोडक़र फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
मांडल थाने के एएसआई कैलाशचंद्र धाभाई ने बताया कि दोनों युवक भीलवाड़ा से बिजयनगर की ओर जा रहे थे। पुलिया पर पीछे से आए ट्रेलर ने बाइक को कुचल दिया। हादसे की भयावहता ने आसपास मौजूद लोगों को दहला दिया। पुलिस ने मृतकों के पास मिली आईडी और मोबाइल से उनकी शिनाख्त सदरबाजार गुढाकलां, थाना बिजय नगर निवासी किशन सिंह पुत्र ओमसिंह सोढ़ा तथा ढाणी एकलसिंघा, थाना भिनाय निवासी मोनू सिंह पुत्र समर्थ सिंह के रूप में कर ली गई है। दोनों युवक भीलवाड़ा में एक निजी बैंक में सर्वेयर के रूप में कार्यरत थे। दोनों ही अविवाहित बताये गये हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल दोनों शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम शनिवार सुबह होगा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
