सहाड़ा विधायक के काफिले पर हमला,: नारेबाजी के बाद पीछा कर तोड़फोड़ और मारपीट,विधायक प्रतिनिधि सहित तीन चोटिल

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के खेमाणा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब साइकिल वितरण कार्यक्रम के बाद सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया के काफिले को घेरकर नारेबाजी की गई। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब विधायक के निकलने के बाद उनके प्रतिनिधि और साथियों की कार पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने पत्थर बरसाकर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और गल्यावड़ी तक पीछा कर विधायक प्रतिनिधि सहित तीन लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। रायपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गल्यावड़ी निवासी विधायक प्रतिनिधि रतनलाल सुथार, रूपचंद पुत्र रतन गाडरी और रतन पुत्र शंकर लाल जाट ने थाने में रिपोर्ट दी है। बताया गया कि खेमाणा स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक के साथ ये तीनों भी मौजूद थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब विधायक अपनी गाड़ी से रवाना हुए तो कुछ लोगों ने रास्ता रोककर नारेबाजी की। इसके बाद विधायक वहां से निकल गए।
लेकिन पीछे से विधायक प्रतिनिधि और उनके साथी जैसे ही अपनी कार से आगे बढ़े, आरोपियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और पत्थर फेंककर शीशे तोड़ दिए। हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि विधायक तो बच गए, वरना अंजाम कुछ और होता। इसके बाद तीनों को पीछा कर गल्यावड़ी में रोक लिया और वहां उनके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर तीनों को विधायक की गाड़ी में बैठाकर वहां से रवाना किया।घायलों को रायपुर अस्पताल ले जाकर मेडिकल और प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच एसआर सुखाडिय़ा को सौंपी है।
इनके खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
जांच अधिकारी सुखाड़िया के अनुसार रिपोर्ट में चावंडसिंह राजपूत, नारायण सिंह, एक अन्य नारायण सिंह, किशन सिंह, सुमेर सिंह, महिपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कान सिंह, कालू सिंह, दशरथ सिंह, चंद्रभान सिंह, नारायण पुत्र मदन सरगरा, पूरण सैन, मयूर सिंह चारोट सहित 12 से 15 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस सभी की भूमिका की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
