फर्जी मस्टरोल लगाकर राशि हड़पने का आरोप, आधा दर्जन ग्रामीणों ने अतिरिक्त कलेक्टर को दी शिकायत, कार्रवाई की लगाई गुहार

भीलवाड़ा। मांडलगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुकनपुरिया के अंतर्गत पीथाजी का खेड़ा, सांडगांव व देबीसिंहजी का खेड़ा के आधा दर्जन लोगों ने ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी एवं अन्य कार्मिकों के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को गुरुवार को शिकायत दी। इन लोगों ने अपने नाम पर स्वीकृत कार्यों की राशि बिना सहमति उठाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

शिकायत में बताया गया कि शिकायतकर्ताओं के खेत पर मेडबंदी, तालाब मिट्टी एवं पशु आश्रय स्थल से जुड़े कार्य वर्ष २०२३-२४ में स्वीकृत किए गए थे। आरोप है कि इन कार्यों के लिए स्वीकृत राशि बिना किसी जानकारी या सहमति के निकाल ली गई। इनका कहना है कि न तो उनसे कोई अनुमति ली गई और न ही कार्य वास्तविक रूप से करवाए गए।

इनका आरोप है कि फर्जी तरीके से मस्टरोल तैयार कर सरपंच अथवा प्रशासक के परिवारजनों और अन्य रिश्तेदारों के नाम जोडक़र राशि उनके खातों में डाली गई और बाद में उसे खुर्दबुर्द कर दिया गया। साथ ही उसके नाम से संबंधित दस्तावेजों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी किए जाने की भी शिकायत की गई है।

शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत देने वालों में पीथाजी का खेड़ा निवासी धन्नालाल पुत्र माधु भील, सांडगांव निवासी शंभु पुत्र श्रीराम बैरवा, मोहन लाल पुत्र श्रीराम बैरवा, रामेश्वर पुत्र श्रीराम बैरवा, देबीसिंहजी का खेड़ा निवासी रामेश्वर पुत्र छोगा मीणा, रामु पत्नी रोड़ा भील शामिल हैं।

Next Story