वैलेंटाइन-डे पर प्रेमी जोड़े की कार में मौत, हत्या के बाद आत्महत्या का संदेह

नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में वैलेंटाइन-डे की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक टाटा अल्ट्रोज कार में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली।सूचना के मुताबिक आसपास के लोगों ने कार से गोली चलने की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचकर कार का दरवाजा खोला। अंदर देखने पर दोनों लहूलुहान अवस्था में पाए गए। युवक के पास एक पिस्टल बरामद हुई, जिससे यह अनुमान और मजबूत हुआ कि उसी हथियार का इस्तेमाल किया गया।मृतक युवक और युवती दोनों दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके के रहने वाले थे। पुलिस ने कार से उनके मोबाइल फोन और अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल और आपसी बातचीत के आधार पर घटना के पीछे की वजह तलाशने की कोशिश की जा रही है।फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे से पहले किसी प्रकार का विवाद या तनाव था या नहीं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले को हत्या के बाद आत्महत्या के रूप में देख रही है और कई एंगल से जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी। यह मामला नोएडा में वैलेंटाइन-डे पर हुई प्रेम कहानी के दर्दनाक अंत के रूप में चर्चा में है और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
