छात्रा की मौत के बाद अरिहंत हॉस्पिटल में परिजनों का हंगामा, गरमाया माहौल

X

भीलवाड़ा बीएचएन। एक छात्रा की शहर के अरिहंत हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्रा को आज सुबह ही पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती करवाया गया था। उधर, छात्रा की मौत के बाद गुस्साये परिजनों ने ईलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुये परिजनों ने हंगामा कर दिया। वे, अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गये। मुआवजे की मांग भी की जा रही है। डीएसपी व कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर लोगों से समझाइश की।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि बड़लियास थाना सर्किल में रहने वाली 18 साल की रविना बलाई फर्स्‍ट ईयर की छात्रा है। वह गल्र्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बीती देर रात उसे अचानक पेट दर्द हुआ। सहेलियों ने वार्डन को सूचना दी। इसके बाद अरिहंत हॉस्पिटल से एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस से छात्रा को अरिहंत हॉस्पीटल ले जाया गया। जहां उसे सुबह साढ़े सात बजे भर्ती कर लिया गया। इस बीच, सूचना पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गये। तब तक छात्रा बातचीत कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद रविना की हालत बिगडऩे लगी। उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। दोपहर करीब दो बजे छात्रा ने दम तोड़ दिया। इसके चलते परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा, जिससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। छात्रा के अन्य परिजन व समाज के लोग भी अस्पताल में जुट गये। ये लोग इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुये धरने पर बैठ गये। हंगामा बढ़ता देखकर अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली थाने को सूचना दी। इसके बाद डीएसपी सिटी सज्जन सिंह व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश की। अस्पताल में जुटे लोग अस्पताल प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। फिल्हाल दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है।



उधर, डीएसपी सिंह ने कहा कि परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। साथ ही परिजन जैसी रिपोर्ट देंगे, उस पर कार्रवाई की जायेगी।

Next Story