सर्किट हाउस के बाहर मामूली भिड़ंत ने लिया बड़ा रूप, बस चालक पर हमला, ट्रेवल्स ऑफिस बंद कराने पर अड़े लोग
भीलवाड़ा (बीएचएन)। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के सामने मंगलवार को एक ट्रेवल्स बस और कार के बीच हुई मामूली भिड़ंत ने बड़े विवाद का रूप ले लिया। हादसे के बाद आवेश में आए दर्जनों लोगों ने बस चालक को घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल गरमा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,एक ट्रैवल्स बस और कार के बीच मामूली भिड़ंत हो गई। इसे लेकर विवाद इतना बढ़ा कि कार सवार लोगों के साथ ही अन्य लोगों ने बस चालक मालोला चौराहा निवासी कन्हैयालाल पुत्र बालुराम शर्मा पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक के सिर में चोट आई है, उसे जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। उधर, आक्रोशित लोग सर्किट हाउस के सामने संचालित ट्रेवल्स ऑफिस को बंद कराने पर अड़ गए।
सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र हो रहे लोगों को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने फिलहाल यातायात सुचारू करवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सर्किट हाउस के सामने पाइपलाइन डालने का कार्य चलने के कारण सडक़ काफी संकरी हो गई है। व्यस्त मार्ग होने और जगह कम बचने के कारण आए दिन यहाँ छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। निर्माण कार्य की धीमी गति और सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
