सफेदपोश अपराधी: अस्पताल संचालक निकला शातिर एटीएम चोर, रंगे हाथों गिरफ्तार

पूर्णिया । बिहार के पूर्णिया जिले से अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी प्राइवेट अस्पताल का संचालक मो. इम्तियाज एटीएम से कार्ड बदलकर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी अस्पताल चलाने की आड़ में चोरी और ठगी का धंधा कर रहा था।
एटीएम कार्ड बदलने की चालाकी पड़ी भारी
पुलिस के अनुसार, पूर्णिया के गुलाबबाग में एक व्यक्ति एटीएम से पैसे निकालने गया था। तकनीकी दिक्कत होने पर पीछे खड़े इम्तियाज ने मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड लिया और बड़ी चालाकी से उसे बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया। पास ही खड़े एक अन्य व्यक्ति ने यह हरकत देख ली और शोर मचा दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इम्तियाज को रंगे हाथ पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया।
चोरी की कमाई से बनाया 'डॉक्टरों का अस्पताल'
पुलिस जांच में सामने आया कि इम्तियाज पढ़ा-लिखा कम है, लेकिन अपराधी प्रवृत्ति का है। वह पहले भी चोरी के मामलों में कई बार जेल जा चुका है। ठगी और एटीएम हेराफेरी से कमाए गए लाखों रुपयों से उसने पूर्णिया के लाइन बाजार में एक बड़ा प्राइवेट हॉस्पिटल खड़ा कर लिया। इस अस्पताल में उसने नामी डॉक्टरों को हायर कर रखा है।
संपत्ति और निबंधन की होगी जांच
पुलिस को अस्पताल के निबंधन (रजिस्ट्रेशन) में भी गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं। सहायक खजांची थाना पुलिस अब उसकी अकूत संपत्ति और बैंक खातों की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी पिछले छह साल से अस्पताल की आड़ में अपने काले धंधे को सफेद करने की कोशिश कर रहा था।
