युवक की संदिग्ध मौत- पत्नी, सास और साली पर मारपीट का आरोप, पुलिस कर रही मामले की जांच

भीलवाड़ा (बीएचएन)। कोटड़ी थाना क्षेत्र के मंशा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि मृतक के साथ उसकी पत्नी, सास, साली और एक अन्य व्यक्ति पर मारपीट की थी। ऐसे में मारपीट से मौत की आशंका है।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
कोटड़ी थाने के एएसआई गोपाल लाल के अनुसार, मंशा निवासी भैंरूलाल (पुत्र भुवाना भील) की बुधवार रात घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे पहले कोटड़ी और फिर जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह मोर्चरी पर जुटे परिजनों ने हंगामा करते हुए इसे सामान्य मौत के बजाय हत्या का मामला बताया।
चचेरे भाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट
मृतक के चचेरे भाई प्रभु पुत्र नारायण भील ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि कुछ दिनों पहले भैंरूलाल के साथ उसकी साली के घर पर मारपीट की गई थी। रिपोर्ट में मृतक की पत्नी, सास, साली और एक अन्य व्यक्ति पर मारपीट करने के आरोप लगाये गये हैं। पीडि़त ने मौत के कारणों की जांच और कार्रवाई की पुलिस से मांग की है।
पारिवारिक विवाद और पुलिस की प्राथमिक जांच
थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि भैंरूलाल और उसकी पत्नी पूजा के बीच विवाद चल रहा था। 15 फरवरी को झगड़े के बाद भैंरू ने पत्नी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद 16 फरवरी को साली के घर पर दोनों पक्षों में कहासुनी और कहा जा रहा है कि मारपीट भी हुई थी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मारपीट गंभीर नहीं लग रही थी, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
