बुजुर्ग से मुरकियां झपटने वाला सुरेश गुर्जर व तलवार की नोंक पर बाइक लूटने का आरोपित परमा कंजर गिरफ्तार

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले में लूट की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को शंभुगढ़ और रायपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इनमें से एक बदमाश ने बुजुर्ग को लिफ्ट देकर गहने लूटे थे, जबकि दूसरा करीब एक साल से बाइक लूट के मामले में फरार चल रहा था।
बुजुर्ग को लिफ्ट देकर लूटीं सोने की मुरकियां
शंभुगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, मोडीमंगरा निवासी बुजुर्ग चतुर्भुज गुर्जर 6 फरवरी की शाम अपने गांव पैदल जा रहे थे। रास्ते में एक बाइक सवार ने उन्हें गांव छोडऩे के बहाने लिफ्ट दी। सुनसान जगह पाकर बदमाश ने बुजुर्ग के कानों से सोने की मुरकियां झपट लीं और उन्हें घायल कर फरार हो गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश कासनिया और एएसआई राजेंद्र सिंह की टीम ने जांच के बाद राजसमंद जिले के सुरेश उर्फ प्रकाश गुर्जर को गिरफ्तार किया। पुलिस अब लूटे गए गहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
तलवार दिखाकर बाइक छीनने वाला वांटेड गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे शातिर अपराधी परमा उर्फ परमेश्वर कंजर (निवासी चिताबडा, बिजोलिया) को दबोचा है। मामला पिछले साल का है जब परमा और उसके साथियों ने रामा गांव में मिठालाल सुथार को तलवार दिखाकर धमकाया और उसकी बाइक लूट ली थी। इस मामले में अन्य आरोपित पहले ही पकड़े जा चुके थे, लेकिन परमा फरार था। थाना प्रभारी शिंभूदयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे बिजौलियां इलाके से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक आरोपित अभी भी फरार है।
