एक्सीडेंट ने खोला तस्करी का राज-: हुरड़ा रोड पर बोलेरो व अल्टो की टक्कर, बोलेरो पल्टी, कार में निकला 44 किलो डोडा-चूरा

भीलवाड़ा बीएचएन। हुरड़ा रोड पर मंगलवार को हुए एक भीषण सडक़ हादसे ने पुलिस के सामने तस्करी के काले कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया। दो गाडिय़ों की जोरदार भिड़ंत के बाद जब पुलिस मौके पर पहुँची, तो दुर्घटनाग्रस्त अल्टो कार के भीतर से 44 किलो 900 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ। हादसे के बाद कार सवार लोग भागने में सफल रहे, जबकि बोलेरो सवार को गुलाबपुरा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया।
भिड़ंत के बाद पलटी बोलेरो, अल्टो में मिला नशा
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, हुरड़ा रोड पर एक अल्टो कार और बोलेरो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सडक़ पर ही पलटी खा गई। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच की, तो अल्टो कार के भीतर का नजारा देखकर चौंक गई। कार के अंदर अवैध डोडा-चूरा से भरे तीन कट्टे रखे हुए थे। एक्सीडेंट के कारण तस्करी की यह खेप बीच सडक़ पर ही उजागर हो गई। पुलिस ने डोडा-चूरा का वजन करवाया, जो 44 किलो 900 ग्राम पाया गया।
मनोहरपुर की है कार, मालिक की पहचान हुई
पुलिस ने जब मौके से लावारिस हालत में मिली अल्टो कार के नंबरों के आधार पर जांच पड़ताल की, तो पता चला कि वाहन महेंद्र पिता श्यामलाल निवासी रतनपुरा, मनोहरपुर का है। अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी एक्सीडेंट के बाद पकड़े जाने के डर से नशे की खेप छोडक़र मौके से भाग छूटा। उधर, बोलेरो में सवार आगूंचा निवासी उमाशंकर 58 पुत्र रामस्वरुप ब्राह्मण घायल हो गये, जिन्हें गुलाबपुरा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया।
पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी
पुलिस ने अवैध डोडा-चूरा और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जप्त कर लिया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी कार मालिक और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
