नगर निगम भीलवाड़ा:: फर्जी अनुभव प्रमाण-पत्र से टेंडर हड़पने की कोशिश, राजेंद्र कुमार कालिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

भीलवाड़ा राजकुमार माली | नगर निगम भीलवाड़ा में पार्कों के रख-रखाव के टेंडर में एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। निगम की उद्यान शाखा के प्रभारी अधिकारी महिपाल ढाका ने सिटी कोतवाली थाने में राजेंद्र कुमार कालिया के विरुद्ध फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
फर्जी लेटरपैड और कूटचरित हस्ताक्षर का खेल
शिकायत के अनुसार, नगर निगम द्वारा 13 अक्टूबर 2025 को पार्कों के संधारण हेतु निविदा आमंत्रित की गई थी। इसमें राजेंद्र कुमार कालिया ने भाग लिया और क्षेत्रीय वन अधिकारी, भीलवाड़ा के नाम का एक अनुभव प्रमाण-पत्र (क्रमांक 302, दिनांक 12.06.2025) पेश किया। जब विभाग ने इस प्रमाण-पत्र की सत्यता की जांच कराई, तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया।
जांच में खुली पोल
जांच में पाया गया कि क्षेत्रीय वन अधिकारी कार्यालय द्वारा ऐसा कोई प्रमाण-पत्र राजेंद्र कुमार कालिया के पक्ष में जारी ही नहीं किया गया था। आरोपी ने विभाग का फर्जी लेटरपैड तैयार किया और उस पर अधिकारियों के कूटचरित (फर्जी) हस्ताक्षर कर उसे असल के रूप में पेश कर दिया। वन विभाग द्वारा पत्र क्रमांक 395 दिनांक 28.07.2025 के जरिए इस प्रमाण-पत्र के फर्जी होने की पुष्टि की गई है।
कानूनी शिकंजा
पार्कों के टेंडर में इस बड़ी धोखाधड़ी के सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
