भीलवाड़ा में खूनी खेल!: खेत में अकेली महिला पर चाकू से हमला कर लूटा सोना, पुलिस से सीधी भिड़ंत में धरे गए दो बदमाश, दो भाग निकले

भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। जिले के पारोली थाना इलाके में शुक्रवार शाम बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। खेत पर अकेली महिला को निशाना बनाकर चाकू से गोदने और जेवर लूटने वाले गिरोह की पुलिस के साथ फिल्मी अंदाज में भिड़ंत हुई। पुलिस के डायल 112 वाहन को टक्कर मार भागने की कोशिश कर रहे दो लुटेरों को पुलिस ने दबोच लिया है, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

रूह कपा देने वाली वारदात: रामनामी और मांदलिया के लिए बहाया खून

​घटना फलासेड गांव की है, जहां 50 वर्षीय लाली देवी फलासेड मोड़ स्थित अपने खेत पर काम कर रही थीं। जैसे ही उनके पति चारा लेकर घर निकले, चार दरिंदों ने दो बाइकों पर सवार होकर धावा बोल दिया।

बर्बरता: बदमाशों ने महिला को जमीन पर पटक दिया। विरोध करने पर लुटेरों ने चाकू निकाला और महिला के सिर और गाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

​लूट: लहूलुहान हालत में महिला के गले से सोने की रामनामी और मांदलिया काटकर बदमाश अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के लिए पहले दो बदमाश एक बाइक से जबकि इसके बाद दो अन्य बदमाश दूसरी बाइक पर सवार होकर वहां आए थे।

पुलिस की 'स्ट्राइक': डायल 112 से टकराई बदमाशों की पल्सर

​लूट की सूचना मिलते ही पारोली पुलिस ने जिले भर में 'A' श्रेणी की नाकाबंदी करवा दी। भागने की फिराक में दो बदमाश पल्सर बाइक पर जैसे ही पारोली की ओर मुड़े, सामने पुलिस की डायल 112 वैन खड़ी थी।

फिल्मी सीन: पुलिस को देख बदमाश हड़बड़ा गए और गिरफ्तारी से बचने के लिए तेज रफ्तार बाइक सीधे पुलिस वाहन में ठोक दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

​ कौन हैं ये लुटेरे?

​पकड़े गए बदमाशों की पहचान चित्तौड़गढ़ निवासी गोवर्धन और भैरू मोंगिया के रूप में हुई है। पुलिस कस्टडी में इनका उपचार चल रहा है। कार्यवाहक थाना प्रभारी रामेश्वर लाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस की टीमें फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश में जंगलों में खाक छान रही हैं।

बड़े खुलासे की उम्मीद

​सूत्रों की मानें तो पकड़े गए ' गैंग' के इन गुर्गों से पूछताछ में भीलवाड़ा और आसपास के जिलों में हुई दर्जनों लूट की वारदातों का पर्दाफाश हो सकता है। फिलहाल घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है ।

Next Story