सोनियाणा में सनसनी-: खेत में औंधे मुंह मिली दो मासूमों के पिता की लाश, गले में फंदा और खूंटे से बंधी मिली मौत की रस्सी, हत्या का मुकदमा दर्ज

भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल )। मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के सोनियाणा गांव में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक दिन पहले घर से निकले 32 वर्षीय युवक राजेश की लाश उसके अपने ही खेत में क्षत-विक्षत हाल में मिली। मौत का मंजर इतना वीभत्स था कि जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई। मृतक के गले में रस्सी का फंदा था, जो जमीन में धंसे मात्र डेढ़ फीट ऊंचे खूंटे से बंधा हुआ था।पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत में उल्टा पड़ा मिला शव, खूंटे से बंधा था फंदा
थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा ने बताया कि मृतक की पहचान सोनियाणा निवासी राजेश (32) पुत्र मांगीनाथ के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह जब परिजन खेत पर गए, तो राजेश का शव वहां उल्टा पड़ा मिला। उसके गले में रस्सी का फंदा था जो पास ही एक छोटे खूंटे से बंधा था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
परिजनों का आरोप-राजेश की हुई हत्या
परिजनों के अनुसार, राजेश गुरुवार सुबह 11 बजे घर से निकला था और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। मृतक के फूफा घासीनाथ ने पुलिस को रिपोर्ट दी है कि राजेश की हत्या की गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राजेश शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। इस संदिग्ध मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी दहशत का माहौल है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राजेश की मौत के पीछे क्या कारण रहे और अंतिम बार उसे किसके साथ देखा गया था।
गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल
इस संदिग्ध मौत ने सोनियाणा गांव के बाशिंदों की रातों की नींद उड़ा दी है। गांव में गम और गुस्से का मिला-जुला माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से डेढ़ फीट के खूंटे से फंदा बांधकर हत्या की गई, वह किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा लगता है। पुलिस की विशेष टीमें इलाके में साक्ष्य जुटा रही हैं ताकि इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई जा सके।
