बड़ी कार्रवाई-गेहूं के खेत में लहलहाते मिले अफीम के पौधे

बड़ी कार्रवाई-गेहूं के खेत में लहलहाते मिले अफीम के पौधे
X

भीलवाड़ा हलचल | अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशिक्षु आईपीएस माधव उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम डेलाना में गेहूं की फसल के बीच छिपाई गई अफीम की खेती को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसा है।

कार्रवाई का विवरण

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना गंगापुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम डेलाना में एक खेत के भीतर गेहूं की आड़ में अवैध रूप से अफीम की बुवाई की गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए आईपीएस माधव उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

गेहूं की फसल के बीच 150 फीट की क्यारी

जब पुलिस टीम ने डेलाना में संबंधित खेत पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। किसान ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए गेहूं की घनी फसल के बीचों-बीच अफीम बो रखी थी। जांच के दौरान करीब 7×150 फीट की एक लंबी क्यारी मिली। इस क्यारी में अफीम के सैंकड़ों पौधे लहलहाते पाए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।

कार्रवाई जारी

पुलिस ने अफीम के पौधों को उखाड़कर कब्जे में ले लिया है और खेत मालिक के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशिक्षु आईपीएस माधव उपाध्याय की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Next Story