हाईवे पर हड़कंप:: चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान

भीलवाड़ा प्रेम कुमार गढ़वाल | ब्यावर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे 158 पर रविवार की रात एक खौफनाक हादसा हो गया। हाईवे पर दौड़ रहा एक आईसर ट्रक अचानक 'आग का गोला' बन गया। बदनोर पुलिया के पास हुए इस हादसे ने वहां से गुजरने वाले लोगों के होश उड़ा दिए।
इंजन से उठी चिंगारी और देखते ही देखते सब राख!
प्रहलाद वैष्णव अपना ट्रक लेकर जयपुर से आसींद थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव झालरा जा रहा था। बदनोर पुलिया के पास अचानक ट्रक के इंजन से धुआं निकलने लगा। प्रहलाद ने समझदारी दिखाई और तुरंत ट्रक रोककर नीचे छलांग लगा दी। देखते ही देखते पूरा ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। अगर ड्राइवर को पता चलने में थोड़ी भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हाईवे पर मची अफरा-तफरी, ट्रक बना लोहे का ढांचा
ट्रक में लगी आग इतनी खतरनाक थी कि हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए और गाड़ियों की कतारें लग गईं। लोगों में डर बैठ गया कि कहीं ट्रक में कोई बड़ा धमाका न हो जाए। सूचना मिलते ही बदनोर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
मौके ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका है।एएसआई इंद्रजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर डटे रहे।ब्यावर से दमकल की गाड़ियों को तुरंत बुलाया गया।
"अच्छी बात यह रही कि ट्रक खाली था, वरना आग और भी भयानक रूप ले सकती थी।" - पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ट्रक के इंजन में आग आखिर लगी कैसे। फिलहाल ड्राइवर सुरक्षित है, लेकिन ट्रक पूरी तरह बर्बाद हो गया है।
