महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्ट्री पर जलाये चूल्‍हे, फूंका प्रधानमंत्री का पुतला, जाट बोले डबल इंजन सरकार हर मोर्च पर विफल

X

​भीलवाड़ा हलचल। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने उग्र प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री व देहात कांग्रेस अध्यक्ष रामलाल जाट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की 'शव यात्रा' निकाली और कलेक्ट्री पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ता खाली सिलेंडरों से लिपटकर रोए और चूल्हे लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


​डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल: रामलाल जाट

​पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि खुद को 'डबल इंजन' बताने वाली सरकार महंगाई, बेरोजगारी और उद्योगपतियों को परेशान करने में ही आगे रही है। जाट ने विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, "आज भारत की स्थिति ऐसी हो गई है कि 1 लीटर पेट्रोल खरीदने के लिए भी अमेरिका की अनुमति लेनी पड़ रही है। श्रीलंका, पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे छोटे देश भी आज आंखें दिखा रहे हैं।"

​'राइजिंग राजस्थान' पर भी साधा निशाना


​भीलवाड़ा के औद्योगिक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए जाट ने कहा कि भाजपा की 'राइजिंग राजस्थान' योजना पूरी तरह फेल है। उन्होंने तंज कसा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भीलवाड़ा आकर यहां के उद्योगपतियों को अपने राज्य में आमंत्रित कर रहे हैं, जो राजस्थान सरकार की सबसे बड़ी विफलता है। स्थानीय स्तर पर उद्योगों को संरक्षण देने के बजाय उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है।

​सिलेंडर की शव यात्रा और अनोखा विरोध


​प्रदर्शन की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय से हुई, जहां से कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां, खाली सिलेंडर और चूल्हे लेकर रवाना हुए। कलेक्ट्री पहुंचने पर कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। कई कार्यकर्ता गैस सिलेंडर से लिपटकर विलाप करते नजर आए, जो बढ़ती कीमतों के प्रति जनता के दर्द को दर्शा रहा था।

इस दौरान कार्यक्रम में कैलाश व्यास, अक्षय त्रिपाठी, दुर्गेश शर्मा, ओमप्रकाश नरानीवाल, गायत्री त्रिवेदी, मधु जाजू, चेतन डीडवानिया, महेश सोनी, सुशीला सालवी, रणदीप त्रिवेदी, मंजू पोकरना, राजू डीडवानिया, ओमप्रकाश तेली, आशीष राजस्थला, सुरेश बंब, अर्चना दुबे,शंकर कुमावत, शंकर लाल जाट, प्रकाश ओझा, भेरू लाल बैरवा, श्याम लाल गुर्जर, चंद्रप्रकाश अमरवाल, श्याम लाल पुरोहित, योगेश सोनी, हरफूल जाट, जितेंद्र राजावत सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी, पूर्व विधायक/विधायक प्रतियक्षी, पंचायत राज के निर्वाचित जन प्रतिनिधि/प्रतियक्षी, ब्लॉक/मंडल अध्यक्ष अग्रिम संगठनों के ज़िलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Story