नाकाबंदी तोडऩे वाली थार से कारतूस बरामदगी मामले में ग्वालियर का युवक गिरफ्तार

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले की शक्करगढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी तोडक़र फिल्मी अंदाज में भागने वालों के खिलाफ सफलता हासिल की है। पुलिस ने लावारिस छोड़ी गई बिना नंबरी महिंद्रा थार गाड़ी और उसमें मिले जिंदा कारतूसों के मामले में मध्य प्रदेश के एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
फिल्मी स्टाइल में पीछा, फंस गई थी थार
थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 14 मार्च 2026 की है। मांडलगढ़ और बिगोद पुलिस ने सूचना दी थी कि एक सफेद रंग की बिना नंबरी थार गाड़ी, जिसमें 3-4 हथियारबंद बदमाश सवार हैं, गोपालपुरा टोल तोडक़र काछोला की तरफ तेज रफ्तार में आ रही है। सूचना मिलते ही सउनि ताराचन्द मय टीम हरकत में आए।
पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए बीट कांस्टेबल फूलसिंह के जरिए रामपुरा गांव के ग्रामीणों को अलर्ट किया। ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए रास्ते पर ट्रैक्टर खड़े कर दिए। बदमाशों ने गाड़ी को कच्चे रास्ते और स्कूल के पास से भगाने की कोशिश की, लेकिन आगे तालाब की पाल होने के कारण थार बुरी तरह फंस गई।
झाडिय़ों का फायदा उठाकर भागे थे हथियारबंद बदमाश
गाड़ी फंसते ही उसमें सवार तीन बदमाश हाथों में बंदूकें लहराते हुए जंगल की तरफ भाग निकले। रात के अंधेरे और घनी झाडिय़ों का फायदा उठाकर वे पुलिस की पकड़ से दूर निकल गए। पुलिस ने मौके से लावारिस थार को जब्त किया, जिसकी तलाशी लेने पर 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इंजन और चेसिस नंबर से खुला राज
बिना नंबरी गाड़ी होने के कारण पुलिस ने इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर तकनीकी अनुसंधान किया। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिला निवासी राधे उर्फ अमित परिहार को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब राधे से उसके अन्य साथियों और अवैध हथियारों के स्रोत के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है।
