रूह कांप गई:-: बेटी के कैंसर के इलाज की उम्मीद लेकर निकले थे, मौत ने रास्ते में ही दी दस्तक, पिता की मौत, छह घायल

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही कैंसर पीडि़त बेटी के ईलाज के लिए गुजरात से बाघमाली जा रहे परिवार की बोलेरो को बुधवार अल सुबह गुलाबपुरा थाना इलाके में नेशनल हाइवे 48 स्थित आडी पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पीडि़त युवती के पिता की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गये। पुलिस का कहना है कि कैंसर पीडि़त युवती को इस हादसे में खरौंच तक नहीं आई। घायलों को गुलाबपुरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अंधेरे में काल बनकर आया अज्ञात वाहन
गुलाबपुरा थाने के हैडकांस्टेबल महेंंद्र सिंह के अनुसार, हादसा बुधवार तडक़े करीब 5:30 बजे नेशनल हाइवे 48 पर भीलवाड़ा-अजमेर मार्ग स्थित 148 पर आडी पुलिया के पास हुआ। गुजरात के दाहोद जिले के इटावा और आसपास के गांवों से सात लोग बोलेरो में सवार होकर बाघमाली जा रहे थे। वे परिवार की बेटी बकूला 20 पुत्री समू भाई के कैंसर के इलाज के लिए दुआएं और उम्मीदें लेकर निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बोलेरो को खलासी साइड से ऐसी भीषण टक्कर मारी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
चीख-पुकार से दहला हाइवे, एक की मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार दाहोद जिले के कटवाड़ा पुलिस स्टेशन के इटावा निवासी समू भाई (50) पुत्र दाऊ भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवे पर चीख-पुकार मच गई। अभयकमांड से सूचना मिलते ही गुलाबपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और गुलाबपुरा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि इस घटना में कैंसर पीडि़त युवती को खंरौच तक नहीं आई।
ये हुए घायल, भीलवाड़ा रेफर
हादसे में इटावा निवासी श्रीमती कृष्णा बेन (35) पत्नी सिकंदर भाई,भरत (25) पुत्र सीनिया बारिया निवासी लिलिर थाना कठवाड़ा, चारु (32) पत्नी नरसिंग गुंडिया रीठौड़ी कठवाड़ा,, नरसिंह (33) दला गुंडिया रीठौड़ी, शकला (40) पुत्र पीदिया अमलियार निवासी सिमलिया, कठवाड़ा और कागु (26) पुत्र चकला भाई निवासी सिमुलियाखुर्द थाना कटवाड़ा, दाहोद गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भीलवाड़ा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया । मृतक समू भाई का शव गुलाबपुरा मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस अब अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
