खाकी का शिकंजा:: ऑटो में डोडा-चूरा की तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस को देख भाग रहे तस्कर को दबोचा

भीलवाड़ा । भीलवाड़ा जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के कड़े तेवरों का असर धरातल पर दिखने लगा है। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्करगढ़ थाना पुलिस ने बीती रात एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक ऑटो रिक्शा के जरिए हो रही नशे की सप्लाई को नाकाम करते हुए डोडा-चूरा जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी देख घुमाया ऑटो, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा:
जानकारी के अनुसार, शक्करगढ़ थाना प्रभारी पूरणमल मीणा अपनी टीम के साथ शक्करगढ़-जहाजपुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टोल के नजदीक शक्करगढ़ की ओर से आ रहे एक टेंपो चालक ने जैसे ही सामने पुलिस की गाड़ी देखी, उसके हाथ-पांव फूल गए। तस्कर ने बचने के लिए जल्दबाजी में ऑटो को वापस घुमाकर भागने की कोशिश की। पुलिस को इस संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत शक हुआ और टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर ऑटो को रुकवा लिया।
20 किलो डोडा-चूरा बरामद, तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू:
ऑटो की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए; उसमें एक प्लास्टिक का कट्टा छिपाया हुआ था, जिसमें करीब 20 किलो अवैध डोडा-चूरा भरा था। पुलिस ने नशे की खेप और तस्करी में प्रयुक्त ऑटो को तुरंत जब्त कर लिया। पूछताछ में चालक की पहचान राजेंद्र (31) पुत्र बंशीलाल वैष्णव, निवासी मोहनपुरा के रूप में हुई है।
अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसका असली 'आका' कौन है? तस्करी के इस नेटवर्क के तार कहाँ तक जुड़े हैं, इसका खुलासा जल्द होने की उम्मीद है। पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई से इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
