भारत-पाक बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा एक्शन:: जैसलमेर से संदिग्ध युवक हिरासत में, 'देश विरोधी' टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े तार

जैसलमेर से संदिग्ध युवक हिरासत में, देश विरोधी टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े तार
X

जैसलमेर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे संवेदनशील नाचना थाना क्षेत्र के भारेवाला इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुरुवार रात करीब 10 बजे एक 29 वर्षीय युवक को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में हिरासत में लिया गया है। इस युवक के तार उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा ट्रैक किए जा रहे एक ऐसे खतरनाक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े हैं, जिसमें कथित तौर पर देश विरोधी और भड़काऊ संदेश साझा किए जाते थे।

यूपी पुलिस के इनपुट पर बिछाया जाल:

इस पूरे मामले का खुलासा उत्तर प्रदेश पुलिस के इनपुट के बाद हुआ। यूपी पुलिस एक संदिग्ध टेलीग्राम ग्रुप की निगरानी कर रही थी, जिसका नेटवर्क कश्मीर से लेकर राजस्थान तक फैला हुआ है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में यूपी पुलिस अब तक दो कश्मीरी युवकों सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसी जांच के दौरान भारेवाला निवासी इस युवक का मोबाइल नंबर सामने आया, जिसके बाद राजस्थान पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

डेटा डिलीट करने का संदेह, फॉरेंसिक जांच शुरू:

हिरासत में लिया गया युवक मूल रूप से बीकानेर के लूणकरणसर का निवासी है और पिछले 10-12 वर्षों से बॉर्डर के पास खेती का काम कर रहा था। हालांकि वह केवल 10वीं पास है, लेकिन डिजिटल माध्यमों पर उसकी सक्रियता ने एजेंसियों को चौंका दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि युवक ने पकड़े जाने से पहले मोबाइल का महत्वपूर्ण डेटा डिलीट कर दिया है। अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से डेटा रिकवर करने की कोशिश की जा रही है।

IB, RAW और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त पूछताछ:

शुक्रवार को IB, RAW और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमें युवक से संयुक्त पूछताछ (Joint Interrogation) कर रही हैं। जांच का मुख्य केंद्र युवक के बैंक ट्रांजेक्शन, विदेशी संपर्क और ग्रुप के अन्य सदस्यों के साथ हुई बातचीत है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह युवक किसी बड़े स्लीपर सेल का हिस्सा है या केवल भ्रामक प्रचार के जाल में फंसा था। घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस और BSF को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Next Story