जोधपुर में आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़:: आईएसआईएस और अल-कायदा से जुड़ा जीशान गिरफ्तार, पाकिस्तान जाने की थी तैयारी

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों का जाल फैलने की सनसनीखेज खबर सामने आई है। आंध्र प्रदेश और दिल्ली पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से 12 संदिग्धों को दबोचा है, जिनमें जोधपुर का जीशान भी शामिल है। इन सभी पर अल-कायदा (AQIS) और आईएसआईएस (ISIS) जैसे खतरनाक आतंकी समूहों के नेटवर्क में शामिल होने का गंभीर आरोप है।
गेमिंग ऐप के जरिए हुआ 'ब्रेनवॉश'
प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। आरोपी किसी गुप्त संदेश सेवा के बजाय एक गेमिंग ऐप के माध्यम से विदेशी आतंकी संचालकों के संपर्क में आए थे। धीरे-धीरे इन युवाओं का ब्रेनवॉश किया गया और वे कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़ गए। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर आईएसआईएस का झंडा पोस्ट किया और भारत को इस्लामिक स्टेट बनाने जैसी भड़काऊ बातें साझा कीं।
ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान जाने की थी योजना
जांच एजेंसियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपी महज वैचारिक रूप से ही नहीं जुड़े थे, बल्कि वे सक्रिय रूप से आतंकी प्रशिक्षण लेने की तैयारी में थे। जीशान और उसके साथियों की योजना एक महीने के भीतर पाकिस्तान जाकर विशेष ट्रेनिंग लेने की थी। विजयवाड़ा से पकड़े गए युवकों ने ‘अल मलिक इस्लामिक यूथ’ नामक समूह बनाकर युवाओं को 'गजवा-ए-हिंद' की अवधारणा के लिए उकसाने का काम भी शुरू कर दिया था।
जोधपुर में खुफिया एजेंसियां सतर्क, साथी हसन फरार
जीशान की गिरफ्तारी के बाद जोधपुर की खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। जीशान के करीबी संपर्क में रहे नागौरी गेट निवासी हसन नामक युवक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जीशान के पकड़े जाने के बाद से ही हसन का मोबाइल बंद है और वह भूमिगत हो गया है। सदर बाजार थानाधिकारी माणकराम विश्नोई ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और जीशान के संपर्क में आए अन्य लोगों की कुंडली खंगाली जा रही है।
देशभर में फैला था जाल
आंध्र प्रदेश पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में राजस्थान के अलावा बिहार, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना से भी गिरफ्तारियां हुई हैं। पुलिस अब इन सभी के डिजिटल फुटप्रिंट्स और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुँचा जा सके।
