हाइवे पर भीषण हादसा: बेकाबू कंटेनर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत

भीलवाड़ा । अजमेर-भीलवाड़ा हाइवे गुरुवार की अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक अनियंत्रित कंटेनर हाइवे से नीचे उतरकर पलट गया। इस हादसे में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

पंजाब से मालेगांव जा रहा था कंटेनर

रायला थाने के दीवान गुलाबनबी ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के जींद जिले के छातर निवासी रणवीर (50) पुत्र दरियासिंह जाट ट्रक कंटेनर लेकर पंजाब से मालेगांव की ओर जा रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे लांबिया टोल प्लाजा से पहले होटल हैप्पी लाइफ के नजदीक चालक अचानक संतुलन खो बैठा। बेकाबू हुआ कंटेनर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया, जिससे रणवीर गंभीर रूप से चोटिल हो गया और उसकी जान चली गई।

परिजनों को सौंपा शव, जांच जारी

हादसे की सूचना मिलने पर रायला पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों के भीलवाड़ा पहुँचने के बाद शुक्रवार शाम को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके पश्चात रणवीर का पार्थिव देह अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है।

Next Story