भीषण सड़क हादसा:: कोटा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर ट्रेलर से भिड़ा ट्रक, चित्तौड़गढ़ के दो युवकों की मौत

भीलवाड़ा/मांडलगढ़ (दिनेश सनाढ्य)। कोटा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। लाडपुरा स्थित देवनारायण मंदिर के समीप एक लापरवाही ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। सर्विस लाइन से अचानक मुख्य राजमार्ग पर आए एक ट्रेलर से पीछे से आ रहा ट्रक जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक-खलासी केबिन में ही फंस गए।
अचानक मेन लाइन पर आने से हुआ हादसा
लाडपुरा चौकी प्रभारी रामसिंह ने बताया कि दोनों वाहन कोटा से गेहूं भरकर उदयपुर की ओर जा रहे थे। मंगलवार रात करीब ११ बजे लाडपुरा के पास सर्विस लाइन पर चल रहे ट्रेलर के चालक ने बिना पीछे देखे अचानक वाहन को मेन लाइन पर मोड़ दिया। पीछे आ रहे ट्रक चालक ने बचाव की कोशिश में इमरजेंसी ब्रेक भी लगाए, लेकिन दूरी कम होने के कारण ट्रक सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मशक्कत के बाद निकाले गए शव
मांडलगढ़ थाने से एएसआई राम सिंह व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। ट्रक के केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। खलासी ने जिला चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर सुचारू यातायात बहाल करवाया।
मृतकों की पहचान
हादसे का शिकार हुए दोनों मृतक चित्तौड़गढ़ जिले के आकोला थाना क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों में नवलपुरा निवासी ३८ वर्षीय चालक निर्भय सिंह पुत्र नारायणसिंह झाला और ताणा गांव निवासी २२ वर्षीय खलासी पवन पुत्र नारू खटीक शामिल हैं। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
