वोल्वो बस में यात्री की संदिग्ध मौत:: महाराष्ट्र से लौट रहा था मजदूर, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम से किया इनकार

भीलवाड़ा हलचल। महाराष्ट्र से सीकर के बीच चलने वाली एक निजी वोल्वो बस में गुरुवार सुबह एक प्रौढ़ यात्री अचेत अवस्था में मिला, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान होने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि मौत के पीछे कोई साजिश हो सकती है, इसलिए उन्होंने स्पष्ट कारणों का पता चलने तक पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया है।

नींद में ही थम गई सांसें, बस स्टाफ पहुंचा अस्पताल

एमजीएच चौकी सूत्रों के अनुसार, बस स्टाफ ने पुलिस को बताया कि यात्री महाराष्ट्र से भीलवाड़ा के लिए बस में सवार हुआ था।गुरुवार सुबह जब बस मंडपिया के पास पहुंची और भीलवाड़ा उतरने वाले यात्रियों को आवाज लगाई गई, तो यह यात्री नहीं जागा। संदेह होने पर स्टाफ उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मांडल थाना क्षेत्र के जीवलिया निवासी कालू (५०) पुत्र रतन भील के रूप में हुई है।

8 दिन पहले मजदूरी करने गया था महाराष्ट्र

मृतक के छोटे भाई शिवलाल ने बीएचएन को बताया कि कालू करीब आठ-दस दिन पहले ही बनेड़ा क्षेत्र के एक ठेकेदार के पास ट्रैक्टर-कंप्रेशर पर मजदूरी करने महाराष्ट्र गया था। वह पूरी तरह स्वस्थ था और उसे कोई बीमारी नहीं थी। अचानक हुई इस मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

परिजनों का संदेह: "फोन पर कालू की आवाज नहीं थी"

परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। शिवलाल के अनुसार, बुधवार शाम कालू के मोबाइल से घर पर फोन आया था, जिसमें उसके लौटने की बात कही गई। लेकिन जब मां ने बात की, तो उसे लगा कि फोन पर बोलने वाला व्यक्ति कालू नहीं बल्कि कोई और था। परिजनों को अंदेशा है कि कालू के साथ महाराष्ट्र में कोई अनहोनी हुई है और उसे मारकर बस में बैठाया गया है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कालू की मौत से उसके चार बच्चों (तीन बेटे और एक बेटी) के सिर से पिता का साया उठ गया है। इनमें से अभी दो बच्चे अविवाहित हैं। घर में कमाने वाले मुख्य सदस्य की संदिग्ध मौत से पत्नी और वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने और मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

Next Story