भीलवाड़ा में आग का तांडव-: बीच सडक़ धू-धू कर जली कार, व्यापारियों में मची अफरा-तफरी, दो दमकलों ने पाया काबू, पुलिस घटना से अनभिज्ञ

X

भीलवाड़ा । शहर के व्यस्ततम सांगानेरी गेट इलाके में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रिंग रोड पर खड़ी एक कार अचानक 'आग का गोला' बन गई। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया।

उठी तेज लपटें, सहमे व्यापारी

प्रत्यक्षदर्शी मुकेश प्रजापत के अनुसार, सांगानेरी गेट रिंग रोड पर खड़ी इस कार में अचानक आग लग गई। चूंकि यह क्षेत्र एक व्यावसायिक केंद्र के साथ-साथ आवासीय क्षेत्र है, इसलिए जैसे ही आग की ऊंची लपटें उठीं, आस-पास के दुकानदारों और व्यापारियों के साथ ही यहां के बाशिंदों में अपनी जान बचाने की होड़ मच गई। एक बारगी यहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति पैदा हो गई और लोग अपनी दुकानों को बचाने की चिंता में डूब गए।

दमकल की मशक्कत, बाल-बाल बची जान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की 2 गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाने की जद्दोजहद शुरू की गई। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। कार का आधा हिस्सा जल गया।

सवालों के घेरे में 'हादसा'

आखिर खड़ी कार में अचानक इतनी भयानक आग कैसे लगी? यह अभी भी एक रहस्य बना हुआ है। क्या यह शॉर्ट सर्किट था या इसके पीछे कोई और वजह रही? खास बात यह है कि आवासीय और व्यवसायिक इलाके में हुई इस घटना से सुभाषनगर और भीमगंज थानों की पुलिस अनभिज्ञ रही।

सांगानेरी गेट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है। शुक्र है कि आग व्यावसायिक परिसरों तक नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

Tags

Next Story